बढ़नी में दिनदहाड़े चाय पी रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, सिर पर गंभीर चोट; मेडिकल कॉलेज रेफर, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ कोतवाली क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। बस स्टॉप तिराहे पर हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

ढेबरुआ कोतवाली क्षेत्र के बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर 1 बस स्टॉप निवासी जियाउर्रहमान पुत्र सलीमुद्दीन रविवार शाम करीब छह बजे बस स्टॉप तिराहे पर स्थित विनोद मिष्ठान भंडार में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के ग्राम सेवरा निवासी उस्मान वहां पहुंचा और पीछे से चाकू से हमला कर दिया। हमले में जियाउर्रहमान के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।

घटना के बाद होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने जियाउर्रहमान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. प्रदीप वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। सिर में गहरी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण जियाउर्रहमान की हालत गंभीर थी। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

चार दिन पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने चार दिन पूर्व भी जियाउर्रहमान को जान से मारने की धमकी दी थी। घायल के भाई अताउर्रहमान ने थाना कोतवाली ढेबरुआ में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

व्यस्त तिराहे में वारदात से दहशत
शाम के समय व्यस्त बस स्टॉप तिराहे पर हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की वारदात से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस बोली – मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
थाना कोतवाली ढेबरुआ के प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त होने के बाद आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now