इंतजार खान
बढ़नी, सिद्धार्थनगर : बढ़नी क्षेत्र के दुधवनिया खुर्द से खुरहुरिया, हसुड़ी और गजेहड़ी को जोड़ने वाला लोक निर्माण विभाग (PWD) का मुख्य मार्ग पिछले करीब एक वर्ष से बदहाल स्थिति में पड़ा है। सड़क जगह-जगह उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। लगातार हो रही बारिश के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं।
यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन विभिन्न स्कूलों की बसें इसी रास्ते से गुजरती हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं साइकिल और बाइक से स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है।
वहीं संसरी से खुरहुरिया तक का कच्चा मार्ग भी बारिश के पानी में डूब गया है। इससे खुरहुरिया गांव का संपर्क लगभग चारों ओर से प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को अस्पताल, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खुरहुरिया के पूर्व प्रधान अनुज चौधरी ने बताया कि गांव का लगभग हर तरफ से संपर्क बाधित होने की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि बरसात में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और मरीजों को होती है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीण विनोद कुमार ने कहा कि करीब एक वर्ष से सड़क बदहाल है और बारिश के बाद इसकी स्थिति और खराब हो गई है। रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शेषराम चौधरी का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। दुर्घटना के डर से कई अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की।
अनिल साहनी ने बताया कि बरसात में सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। ऐसे में किसी मरीज या गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है।
राजेश कुमार ने जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली के बावजूद कोई जनप्रतिनिधि हाल जानने तक नहीं पहुंचा। ग्रामीणों को केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा क्षेत्रीय विधायक और सांसद से मांग की है कि दुधवनिया खुर्द-खुरहुरिया मार्ग का तत्काल निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को राहत मिल सके।




