सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा का 44वां जन्मदिन शनिवार को बढ़नी कस्बे स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में कृष्णनगर उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्यमी विजय कानोडिया ने केक काटकर विधायक का जन्मदिन मनाया। उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि विधायक विनय वर्मा भविष्य में भी क्षेत्र को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य करते रहेंगे।
हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि विधायक विनय वर्मा अपने समर्पण, पारदर्शिता और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने उन्हें सर्वसुलभ एवं जनप्रिय नेता बताया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, गोरखपुर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी ने कहा कि विधायक ने शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए हैं। उनके प्रयासों से बढ़नी पीएचसी को सीएचसी में परिवर्तित किया गया है, जिसका भूमि पूजन शीघ्र होने वाला है। इसके अतिरिक्त शोहरतगढ़ और बढ़नी में रोडवेज बस स्टैंड की स्वीकृति तथा कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण भी कराया गया है।
समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय प्रताप गुप्त ने कहा कि विधायक विनय वर्मा आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करते हैं।
वरिष्ठ पत्रकार ‘हाड़ा’ विकास सिंह ने कहा कि विधायक ने क्षेत्र में किसी प्रतिनिधि को नियुक्त करने के बजाय स्वयं जनता से सीधे संवाद स्थापित कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विधायक का विशेष ध्यान रहा है, जिसके कारण उन्हें जनता का व्यापक समर्थन और स्नेह प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट श्रवण कुमार श्रीवास्तव, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि राजकुमार गुप्ता, ग्राम प्रधान विजय पाठक, अजय प्रताप यादव, कन्हैया मित्तल, विजय जायसवाल, उपेंद्र पांडेय, संजय मित्तल, धनंजय श्रीवास्तव, विवेक गुप्ता, दुर्गेश पांडेय, मनोज सोनी, हरगोविन्द मिश्र, चंदी शुक्ल, निश्चल सिंघल, रमेश मौर्य, दुर्गेश कमलापुरी, रवि शुक्ल, संतराम अग्रहरि, विक्की अग्रहरि, हरिकेश पाठक, अमरनाथ वर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।





