‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जनपद के लोटन थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को लोटन चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
लोटन थाना क्षेत्र के धरनिहवा कुल्हुआ गांव में मुख्य सड़क से सटी करीब डेढ़ मंडी जमीन को लेकर 24 अप्रैल को दो पक्षों ग्राम गदहमरवा निवासी राममिलन के परिवार और धरनिहवा कुल्हुआ निवासी संदीप यादव के परिवार के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें संदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल संदीप को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई।
गुरुवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सैकड़ों की संख्या में लोग शव लेकर लोटन चौराहे पर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की थी।

हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ सदर, बांसी और शोहरतगढ़ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। जाम के चलते लोटन चौराहे से मोहाना मार्ग पर करीब 5 किलोमीटर, कुल्हई मार्ग पर लगभग 4 किलोमीटर और सोहास मार्ग पर भी करीब 4 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन द्वारा समझाने-बुझाने और मामले में लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सरोज को लाइन हाजिर किए जाने पर परिजन शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सरोज को लाइन हाजिर किया गया है। घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अभिषेक महाजन
पुलिस अधीक्षक, सिद्धार्थनगर
Author: Vikas News
Post Views: 540








