विधायक विनय वर्मा ने बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित करने के लिए किया भूमि पूजन, ‘आंबेडकर चौक’ के नाम से जाना जायेगा गणेशपुर तिराहा

SHARE:

सिद्धार्थनगर : बढ़नी ब्लॉक के गणेशपुर तिराहे पर शोहरतगढ़ विधायक की निधि से बनने वाले डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक का शिलान्यास व भूमिपूजन विधायक विनय वर्मा ने किया। कार्यक्रम में पहुंचे विधायक विनय वर्मा को कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मंगलवार को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा की विधायक निधि के 20.22 लाख रुपए की लागत से बढ़नी ब्लॉक के गनेशपुर तिराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की नवीन प्रतिमा स्थापना कार्य के आधारशिला और तिराहे के सौंदर्यीकरण के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

भाजपा, अपना दल (एस) एवं निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के चार चौराहों को महापुरुषों के नाम पर सुन्दर बनाने का प्रयास किया है।

 

चिल्हिया को शहीद भगत सिंह चौक का शिलान्यास करने के बाद गनेशपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति व सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन आज हो रहा है। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमिपूजन करने का सुअवसर उन्हें मिला। उसके वह बहुजन समाज के लोगों के आभारी हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही यहां बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूज्य बाबा साहेब द्वारा दिया गया संविधान ही है, जिसने मुझ जैसे सामान्य परिवार के व्यक्ति को विधायक बनने का अवसर प्रदान किया। बाबा साहेब ने देश के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार और संविधान का मजबूत कवच दिया है। यह सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के मूल्यों को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इससे पहले विधायक विनय वर्मा ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इसके बाद ढ़ेबरुआ को सोनेलाल पटेल व बढ़नी में पं. अटल बिहारी वाजपेई के नाम से सौंदर्यीकरण होगा। 

इस दौरान शोहरतगढ़ एसडीएम विवेकानंद मिश्र, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, सिडिको जेई वैभव सिंह, योगेंद्र तिवारी, हरीश वर्मा, रामदास मौर्य, प्रदीप कमलापुरी, श्यामू गुप्ता, जगदंबा चौबे, मयंक शुक्ल, अशोक पासवान, अनिल निषाद, दिलीप वरुण, अनिल मिश्र, विवेक गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, राकेश तिवारी, संजय मित्तल, रत्नेश सोनी आदि मौजूद रहे।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now