सिद्धार्थनगर : गोरखपुर-गोंडा रेल खंड स्थित बढ़नी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर सिग्नल के पास सोमवार की देर रात्रि एक 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ट्रेन के तेज रफ़्तार होने के कारण शव कई हिस्सों में बंट गया था। पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बीते सोमवार की रात्रि करीब साढ़े दस बजे गोरखपुर-गोंडा रेल खंड से हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन बढ़नी से गोंडा की तरफ बढ़ी थी। इसी बीच पश्चिमी आउटर सिग्नल के कल्लनडिहवा के पास ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत के बढ़नी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 निवासी नरसिंह यादव का 22 वर्षीय पुत्र राहुल यादव ट्रेन की चपेट में आ गया और उसका शरीर कई टुकड़ों में कटकर अलग हो गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि शरीर के टुकड़े होकर अलग अलग बिखर गए। हाथ, पाँव, धड़ और बाजू सब अलग अलग हो गए। परिजनों ने बताया कि राहुल कस्बे के वार्ड नंबर 7 कल्लनडिहवा से वार्ड नंबर 3 लोहियानगर के टेलीफोन डिहवा स्थित अपने घर रेलवे लाइन पार करके आ रहा था कि तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। उन्होंने आशंका व्यक्त किया कि संभवत राहुल कान में ईयरफोन लगाए हुए होगा। जिससे वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाया होगा और उसकी चपेट में आ गया। बेटे की मौत से माता-पीता सहित पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे आरपीएफ, बढ़नी के प्रभारी दिलीप यादव व चौकी प्रभारी बढ़नी वीरेंद्र यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, सिद्धार्थनगर भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।




