सिद्धार्थनगर : बढ़नी कस्बे के श्रीरामलीला मैदान में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके मुख्यातिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश तथा विशिष्ट अतिथि विख्यात गायक अमित अंजन रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि जो लोग भारत माता की जय नहीं बोलते, वो राष्ट्र के संकट में आने के समय उसकी रक्षा हेतु भी नहीं आयेंगे, उनके लिए राष्ट्र नहीं धर्म सर्वोपरि है, जबकि सनातनी लोग जननी जन्म भूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी का भाव रखते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भ्रातृ संगठन हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति, बढ़नी द्वारा आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि हिंदू जीवन जीने की कला, संस्कृति है। धर्म केवल एक सनातन ही है, बाकी सब मजहब, पंथ हैं। सभी को साथ लेकर चलने वाला, विश्व कल्याण की बात करने वाला ही सनातन है। उन्होंने समर्थ भारत बनाने के लिए जाति पंथ भूलकर एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि हिन्दू समाज के संगठित होने पर ही मठ, मंदिर और भारत देश भी सुरक्षित रहेगा, समृद्ध होगा। इसी उद्देश्य के लिए 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि जो भारत और भारतीयता से प्यार नहीं करते, भारत माता की जय, वंदे मातरम नहीं बोलते उन्हें पहचानने की जरूरत है, वो राष्ट्र के संकट के समय राष्ट्र के साथ नहीं खड़े हो सकते। हमारे यहां तो प्रभु राम ने भी कहा है कि जननी जन्म भूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी, जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से बढ़कर है, उसकी सेवा ही प्रथम धर्म है। अपने संबोधन में उन्होंने हिन्दू संगठन, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्रहित को केंद्र में रखा।

हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम का शुभारंभ भारत मां के चित्र के सम्मुख प्रांत प्रचारक, सुविख्यात गायक, गायत्री शक्ति पीठ के महादेव तिवारी, ब्रह्मकुमारी दिल कुमारी तथा अध्यक्षता कर रहे व्यापारी भोलेशंकर अग्रहरि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मेलन को महादेव तिवारी, भोलेशंकर अग्रहरि ने भी संबोधित किया, संचालन डॉ. राजन उपाध्याय द्वारा किया गया।सम्मेलन में भीड़ अपेक्षाकृत नहीं जुटी। मातृ शक्तियों की उपस्थिति बेहद न्यून रही। मंच के आगे बनाई गई रंगोली सुंदर और सार्थक रही।

इस दौरान ये रहे उपस्थित
हिन्दू सम्मेलन में आरएसएस के विभाग प्रचारक राजीव नयन, जिला प्रचारक विशाल, जिला संघ चालक गोकुल चंद्र गोयल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी, चेयरमैन सुनील अग्रहरि, शिवेंद्र सिंह, त्रियुगीनाथ अग्रहरि, श्याम जायसवाल, डॉ. विश्वंभर सिंह, जुग्गीराम राही, दिलीप मद्धेशिया, कमल मित्तल, विनीत कमलापुरी, सिद्धार्थ चौधरी, गुलाब अग्रवाल, राजकुमार अग्रहरि, भान प्रताप सिंह, शिवम् उपाध्याय, अनिता जायसवाल, नम्रता गुप्ता, सचिन गोयल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री अमर्त्य सुन्दर, अजय प्रताप यादव, शिवाजी, मनोज पांडेय, अभिमन्यु जायसवाल आदि की उपस्थिति रही। भारत माता की आरती के साथ ही सम्मेलन संपन्न हो गया।

अमित अंजन के भावपूर्ण भजनों तथा संदेशप्रद गीतों पर भाव विह्वल हुए लोग
श्रीरामलीला मैदान, बढ़नी में आयोजित हिन्दू सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि व सुविख्यात गायक अमित अंजन के भावपूर्ण भजनों तथा संदेशप्रद गीतों की सुमधुर श्रृंखला से उपस्थित हिंदुजन भाव विह्वल हो गए। हालांकि भीड़ के आने के पहले ही पहुंचकर लोकप्रिय गायक अमित अंजन ने गणेश वंदना से अपने सांगीतिक कार्यक्रम का शुभारंभ कर दिया। इसके बाद उन्होंने ‘तेरी शरण में आके मैं धन्य हो गया…, ‘नैना तरस के रह गए, कब आओगे मेरे राम.., राम जी की सेना चली… आदि कई राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत सुनकर आई भीड़ और भी भजनों, संदेशप्रद गीतों को सुनना चाह रही थी किन्तु उद्बोधन कार्यक्रम शुरू होने से मंशा अधूरी रह गई।




