सिद्धार्थनगर : बढ़नी कस्बे के श्रीरामलीला मैदान में आगामी 21 दिसंबर 2025, रविवार को होने वाले हिंदू सम्मेलन के प्रचार-प्रसार और हिंदू एकता के उद्देश्य से गुरुवार को एक बाइक रैली निकाली गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक विशाल के नेतृत्व में यह रैली मिल कॉलोनी, मुडिला, बस स्टॉप तिराहा, स्टेशन रोड, गोला बाजार, पोस्ट ऑफिस रोड, भट्ठा मोहल्ला, श्रीरामलीला मैदान होते हुए इंडो-नेपाल बॉर्डर पहुंचकर पर समाप्त हुई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में निकाली गई रैली के दौरान नगर के प्रमुख मार्ग भगवा झंडों और जयघोष से गूंज उठे, जिससे वातावरण में उत्साह का संचार हुआ। इस बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और समाज के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागी अनुशासनबद्ध तरीके से बाइक चलाते हुए हिंदू समाज की एकता, संस्कृति और संगठन की मजबूती का संदेश दे रहे थे।

बाइक रैली का उद्देश्य हिंदू सम्मेलन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य आगामी हिंदू सम्मेलन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना और समाज को अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सहभागिता के लिए प्रेरित करना है। बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

इस दौरान ये रहे मौजूद
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सिद्धार्थनगर के जिला संघ चालक गोकुल चंद्र गोयल, नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि, गुलाब अग्रवाल, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनीत कमलापुरी, आरएसएस बढ़नी खंड के कार्यवाह राजन उपाध्याय, विजय जायसवाल, राजकुमार अग्रहरि, संजय जयसवाल, मनोज गोयल, ध्रुव चतुर्वेदी, सचिन गोयल, राजेश्वर सिंह, शिवा जी, रामेश्वर प्रसाद आचार्य, बृजेश सिंह, बृजेश अग्रहरि, रमेश मौर्या, अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।
21 दिसंबर को श्रीरामलीला मैदान में आयोजित होगा हिंदू सम्मेलन
हिंदू सम्मेलन 21 दिसंबर 2025, रविवार को श्रीरामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय भजन गायक अमित अंजन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। इस आयोजन के निवेदक सकल हिंदू समाज, बढ़नी है। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन के माध्यम से हिंदू समाज को संगठित करने, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रहित के विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सभी पंथ, संप्रदाय एवं आमजन से सपरिवार सम्मेलन में उपस्थित होने का आह्वान किया। हिंदू सम्मेलन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है।




