नेपाल : नेपाल पुलिस ने कपिलवस्तु जिले के कृष्णनगर नगर पालिका अंतर्गत के वार्ड संख्या 3, झंडेनगर से एक 20 वर्षीय भारतीय तस्कर को 50 ग्राम 810 मिलीग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए भारतीय तस्कर को पुलिस ने 8 दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी हुई है।
कपिलवस्तु जिले के डीएसपी एवं सूचना अधिकारी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि कृष्णनगर नगर पालिका अंतर्गत के वार्ड संख्या 3, झंडेनगर में एक युवक मादक पदार्थों की तस्करी करके ले आया है। सूचना पर सक्रिय हुई कृष्णनगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिला मुख्यालय स्थित काशीराम आवास निवासी और वर्तमान में सिद्धार्थनगर जिले के, ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे के बस स्टॉप तिराहे पर रहने वाले मोहम्मद कैफ (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से एक सफेद पॉलीथीन में छिपाकर रखा 50 ग्राम 810 मिलीग्राम स्मैक बरामद किया।
उन्होंने बताया कि मोहम्मद कैफ के खिलाफ लागू औषधि अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जिला अदालत कपिलवस्तु में पेश किया गया, जहां से उसे 8 दिनों की रिमांड पर लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।





