बुद्धा ढाबा के सामने खड़ी बस में हुई घटना; मालिक ने भी अपने कर्मी पर अभद्रता की सूचना मिलने की बात कही
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर बुद्धा ढाबा के सामने खड़ी एक निजी स्लीपर बस में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में बस से जुड़े चालक और परिचालक पर आरोप लगे हैं। घटना के बाद दोनों के मौके से फरार होने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के पास स्थित एक बगीचे में दूसरे प्रदेश का एक असहाय परिवार पिछले कुछ दिनों से रह रहा था। परिवार की महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। आरोप है कि मंगलवार देर रात जब परिवार सो रहा था, तभी बस से जुड़े कर्मी महिला को बस के भीतर ले गए और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। कुछ समय बाद परिजनों की नींद खुली तो उन्होंने महिला की तलाश शुरू की। इसी दौरान ढाबे के पास खड़ी बस की ओर से संदिग्ध आहट सुनाई देने पर वे वहां पहुंचे। परिजनों के पहुंचते ही आरोपित मौके से भाग निकले।
बस मालिक ने कर्मी पर लगाया अभद्रता का आरोप
बस पर अंकित संपर्क नंबर के आधार पर जब मालिक संजय शर्मा, निवासी इंदौर, से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें अपने एक कर्मचारी रवि की ओर से महिला के साथ अभद्रता किए जाने की सूचना मिली है। उनके अनुसार, संबंधित कर्मचारी फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद मिल रहा है। बस का पंजीकरण नंबर MP13ZJ1935 बताया गया है।
पुलिस जुटा रही मामले की जानकारी
इस संबंध में ढेबरुआ के थानाध्यक्ष चन्द्रकांत पांडेय ने बताया कि उन्हें फिलहाल मामले की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं मिली है। वह पूरे प्रकरण की जानकारी करवा रहे हैं। वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद बढ़नी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी और पीड़ित पक्ष को चौकी ले गई थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Author: Vikas News
Post Views: 344





