पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : बढ़नी विकासखंड की ग्राम पंचायत औंदही कला में शुक्रवार को ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ मिलने की स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिलती है।

पेंशन, किसान सम्मान निधि और राशन व्यवस्था की समीक्षा
जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन से संबंधित मामलों का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने, वरासत के मामलों को समय से निपटाने तथा भूमि विवाद और पैमाइश से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण के अवसर मिल सकते हैं। वहीं, किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी। आपदा राहत और कृषक दुर्घटना बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों को भी नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

प्रमाणपत्रों का समय से निस्तारण करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जन्म, आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने को कहा। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी पूरी कराई।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ रवीश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, खंड विकास अधिकारी बढ़नी अनिशी मणि पांडेय आदि मौजूद रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 146





