‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : एसएसबी 50वीं वाहिनी बलरामपुर के अंतर्गत बढ़नी बीओपी के जवानों ने मंगलवार दोपहर कार्रवाई करते हुए 20.04 ग्राम संदिग्ध स्मैक के साथ पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरामद पदार्थ सहित ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बढ़नी बीओपी के प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और पुरुष संदिग्ध पदार्थ लेकर बढ़नी की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसआई प्रियंका यादव के नेतृत्व में एसएसबी की टीम गठित कर बढ़नी ब्लॉक मोड़ के पास निगरानी शुरू की गई।
इसी दौरान टीम को एक महिला और पुरुष बढ़नी की ओर आते दिखाई दिए। जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम नूरजहां (46), पत्नी अशफाक तथा अशफाक (48), पुत्र अब्दुल गफ्फार, निवासी ग्राम माधोसिंह, थाना औराई, जनपद संत रविदास नगर (भदोही) बताया।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पॉलीथीन में काले रंग की पुड़िया बरामद हुई, जिसमें संदिग्ध पदार्थ पाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने बरामद पदार्थ को 20.04 ग्राम स्मैक बताया। आरोपियों के अनुसार, वे इसे बलरामपुर के हरिहरगंज से एक व्यक्ति से खरीदकर बढ़नी ला रहे थे।
इसके बाद एसएसबी जवानों ने दोनों को हिरासत में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद संदिग्ध पदार्थ सहित ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई करते उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Author: Vikas News
Post Views: 509





