‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित समेकित शिक्षा योजना के तहत जनपद के विशेष शिक्षकों का चार दिवसीय टीएलएम एवं प्रशस्त ऐप प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला समन्वयक करुणापति त्रिपाठी ने किया।

प्रशिक्षण के प्रथम दिन प्रतिभागी विशेष शिक्षकों का पंजीकरण, परिचय एवं ऑनलाइन प्री-टेस्ट कराया गया। इसके बाद प्रशिक्षण की रूपरेखा और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान समावेशी शिक्षा में टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए श्रवण दिव्यांग बच्चों के लिए उपयोगी शिक्षण सामग्री के निर्माण एवं प्रयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
समूह कार्य के माध्यम से शिक्षकों को श्रवण दिव्यांग बच्चों के शिक्षण में सहायक टीएलएम तैयार करने का अभ्यास कराया गया। मास्टर ट्रेनर सुषमा पांडेय एवं सतीश चंद ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में जनपद के कुल 37 विशेष शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान जिला समन्वयक करुणापति त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से विशेष शिक्षकों की कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी। साथ ही दिव्यांग बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के माध्यम से विशेष शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, उपयोगी शिक्षण सामग्री तथा प्रशस्त ऐप के प्रभावी प्रयोग से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 161





