‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : गोंडा-गोरखपुर रेल खंड के महादेव बुजुर्ग स्टेशन के पास स्थित भावपुर उर्फ गुलरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान हैदर पुत्र अतीउल्लाह उर्फ घिराऊ, निवासी भावपुर उर्फ गुलरी, थाना ढेबरुआ जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक का शव भावपुर उर्फ गुलरी रेलवे फाटक से पूरब दिशा में प्राथमिक विद्यालय के पास बने पुल के समीप रेलवे ट्रैक पर मिला।

रविवार रात में घटना होने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार घटना रविवार रात के समय होने की आशंका है। कुछ ग्रामीणों ने घटना का समय करीब रात 8 बजे, जबकि कुछ ने करीब 9 बजे बताया। हालांकि, घटना के समय किसी प्रत्यक्षदर्शी के मौजूद नहीं होने के कारण युवक की मौत किस समय और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
बताया गया कि सुबह क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। करीब साढ़े सात बजे बारिश रुकने के बाद ग्रामीणों की नजर रेलवे ट्रैक के पास पड़े शव पर गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

परिवार में पसरा मातम
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी समेत चार बच्चे हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पहुंचे ढेबरुआ थाने के एसआई राजेश कुमार, कां. प्रबल कुमार, भानु प्रताप सिंह और राज किशोर आदि ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस घटना के समय, युवक की मौत की परिस्थितियों तथा ट्रेन की चपेट में आने की आशंका समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
ढेबरुआ थानाध्यक्ष चन्द्रकांत पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक कुछ मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Author: Vikas News
Post Views: 179





