नियमितीकरण, समान वेतन, महंगाई भत्ता, ईपीएफ और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की उठी मांग
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में शनिवार को एएनएम कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कर्मियों ने लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के साथ सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में नियमितीकरण, संविदा कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। एएनएम कर्मियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल, टीकाकरण, परिवार नियोजन और स्वास्थ्य जागरूकता समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां एएनएम के माध्यम से संचालित होती हैं।
कर्मियों ने महंगाई भत्ता और ईपीएफ की सुविधा देने के साथ ही स्वास्थ्य बीमा तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि बीमारी अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में कर्मचारियों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य सुविधा जरूरी है।
ज्ञापन में रिक्त पदों पर गैर-जनपद स्थानांतरण की व्यवस्था और सेवा सुरक्षा से जुड़ी मांगें भी शामिल रहीं। एएनएम कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से विभाग में सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को सेवा संबंधी असुरक्षा और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शासन स्तर पर स्पष्ट नीति बनाकर इन समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
कर्मियों ने कहा कि उनकी मांगें केवल कर्मचारियों के हित तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निरंतरता से भी जुड़ी हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
इस दौरान एएनएम कर्मियों ने एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी को ज्ञापन सौंपा। प्रभारी ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने का आश्वासन दिया।





