दो मोटरसाइकिलों से खाद नेपाल ले जाने की थी तैयारी, एसएसबी ने कस्टम के सुपुर्द किया
‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी, सिद्धार्थनगर : इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में खाद की अवैध आवाजाही के खिलाफ एसएसबी ने कार्रवाई करते हुए छह बोरी यूरिया खाद के साथ दो युवकों को पकड़ा है। दोनों युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर खाद लेकर नेपाल जाने की तैयारी में थे। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद एसएसबी ने दोनों युवकों, बरामद खाद और मोटरसाइकिलों को कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी के अनुसार, 50वीं वाहिनी के बढ़नी बीओपी के जवान सोमवार को सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मधवानगर नहर के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। जवानों ने दोनों को रोककर मोटरसाइकिलों पर लदे सामान की जांच की। तलाशी के दौरान कुल छह बोरी यूरिया खाद बरामद हुई।
जवानों ने खाद के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन दोनों युवक आवश्यक कागजात नहीं दिखा सके। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे इटवा क्षेत्र से यूरिया खाद लेकर नेपाल के डुमाई क्षेत्र की ओर जा रहे थे।
पकड़े गए युवकों की पहचान कन्हैया (23) निवासी ग्राम टीसम, थाना ढेबरुआ तथा रामनरेश निवासी ग्राम सेमरहवा, थाना ढेबरुआ, जिला सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
एसएसबी ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर छह बोरी यूरिया खाद और दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए सभी को कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया गया। कस्टम विभाग की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 193





