‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बढ़नी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने केक काटकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की। इस दौरान अस्पताल परिसर में उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक विनय वर्मा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उपचार के लिए आए लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उपचार व्यवस्था, दवा उपलब्धता तथा स्वास्थ्य केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए गए। विधायक ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं का पूरा लाभ समय पर मिलना चाहिए।

विधायक ने अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि उपचार के दौरान किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हों।
कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी, चिकित्सक, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की तथा मरीजों की सेवा और जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
Author: Vikas News
Post Views: 196





