‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्पन्न हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सिद्धार्थनगर जनपद को बड़ी सौगात मिली है। कैबिनेट ने शोहरतगढ़ एवं बढ़नी में अत्याधुनिक बस स्टेशन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि को परिवहन विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस निर्णय के साथ ही दोनों स्थानों पर बहुप्रतीक्षित बस स्टेशन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

बस स्टेशन निर्माण से क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के निरंतर प्रयासों और प्रभावी पैरवी को प्रमुख माना जा रहा है। विधायक विनय वर्मा ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शोहरतगढ़ और बढ़नी में बस अड्डों की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री ने उस समय सकारात्मक आश्वासन दिया था, जिसके बाद अब दोनों प्रस्तावों को मंत्रिमंडल की स्वीकृति मिल गई है।
विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि बस स्टेशन बनने से आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद विधायक विनय वर्मा ने प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट कर उन्हें मिठाई खिलाकर धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इस जनहितकारी निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।
क्षेत्रवासियों प्रदीप कमलापुरी, राजन उपाध्याय, संजय मित्तल, मोहन भारती, चंदन सिंह, विवेक गुप्ता, विक्की अग्रहरि, आशीष अग्रहरि, प्रमोद पाठक, जय प्रकाश सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं विधायक विनय वर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय से शोहरतगढ़ और बढ़नी क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
Author: Vikas News
Post Views: 348





