‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जनपद के कठेला समय माता थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों गणेश चतुर्थी के अवसर पर गांव में स्थापना के लिए गणेश प्रतिमा लेकर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवा के टोला देबियापुर निवासी शिवकुमार उर्फ नंदू (32) पुत्र सत्तन तथा गुरु प्रसाद लाल श्रीवास्तव (70) पुत्र कोदई लाल श्रीवास्तव बजराभारी से गणेश प्रतिमा लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पटना मोड़ के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि शिवकुमार उर्फ नंदू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुरु प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कठेला समय माता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के निकट एक गैस सिलेंडर भी पड़ा मिला है। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना में शामिल वाहन किसी गैस एजेंसी से संबंधित हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे की खबर फैलते ही देबियापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
इस संबंध में कठेला समय माता थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतक शिवकुमार की पत्नी पूनम ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि दुर्घटना में कठेला गर्बी स्थित सपना गैस एजेंसी का चार पहिया वाहन शामिल है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध वाहन की तलाश जारी है।
Author: Vikas News
Post Views: 396





