‘हाड़ा’ विकास सिंह
कपिलवस्तु (नेपाल) : इंडो-नेपाल सीमा से सटे बढ़नी बॉर्डर के निकट कपिलवस्तु जिले के कृष्णनगर नगरपालिका-2 स्थित पुराने बस पार्क क्षेत्र में नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम से अधिक चरस और 10 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में पांच नेपाली महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थों को भारत की ओर तस्करी कर ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

कपिलवस्तु जिले के डीएसपी एवं सूचना अधिकारी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब 4 बजे इलाका पुलिस कार्यालय कृष्णनगर के इंस्पेक्टर कृष्ण बहादुर कुँवर के नेतृत्व में 11 सदस्यीय पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुराने बस पार्क क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर कुछ महिलाओं को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार दाङ जिले की राप्ती गांवपालिका-3 मसुरिया निवासी 34 वर्षीय रतिमा रोका के कमर में कपड़े से लपेटकर रखा गया चरस जैसा काला गीला पदार्थ बरामद हुआ। कपड़ा और प्लास्टिक सहित इसका कुल वजन 5.518 किलोग्राम (शुद्ध वजन 5.225 किलोग्राम) पाया गया। उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

वहीं कपिलवस्तु जिले के विजयनगर गांवपालिका-4 ज्योतिनगर निवासी 45 वर्षीय फनिसरा सारू के पास से अफीम जैसा गीला पदार्थ प्लास्टिक सहित 5.206 किलोग्राम (शुद्ध वजन 5 किलोग्राम) बरामद किया गया।

इसी क्षेत्र की 56 वर्षीय नन्सरी घर्ती मगर के पास से भी अफीम जैसा गीला पदार्थ प्लास्टिक सहित 5.158 किलोग्राम (शुद्ध वजन 5 किलोग्राम) मिला।
इसके अलावा पुलिस ने दाङ जिले की 43 वर्षीय विमला पुन तथा पर्सा जिले की ठोरी गांवपालिका-2 निवासी एवं वर्तमान में विजयनगर-4 ज्योतिनगर में रह रही 48 वर्षीय चुमा लामिछाने को भी हिरासत में लिया है। हालांकि इनके पास से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन तस्करी नेटवर्क से संभावित संबंधों की जांच के लिए इन्हें नियंत्रण में रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि बरामद चरस और अफीम को भारत के बढ़नी बॉर्डर के रास्ते तस्करी कर ले जाया जाना था। सभी पांच महिलाओं को इलाका पुलिस कार्यालय कृष्णनगर लाकर पूछताछ की जा रही है। बरामद पदार्थों को परीक्षण के लिए भेजा गया है तथा वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल पुलिस ने इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
Author: Vikas News
Post Views: 757





