भारतीय सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ काठमांडू पहुंचे, नेपाल में मिलेगा मानद महारथी सम्मान

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ रविवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंच गए। वह एयर इंडिया के विमान से अपराह्न करीब सवा 4 बजे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। उनकी नेपाल यात्रा को दोनों देशों के बीच सैन्य एवं सुरक्षा सहयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नेपाल पहुंचने के बाद जनरल सेठ की प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री शाह रक्षा संबंधी जिम्मेदारियां भी संभाल रहे हैं। इसके अलावा भारतीय सेनाध्यक्ष नेपाल के सेनाध्यक्ष जनरल अशोकराज सिग्देल से भी मुलाकात करेंगे।
नेपाली सेना में मिलेगा मानद सम्मान
नेपाल यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना की ओर से मानद महारथी की उपाधि प्रदान किए जाने का कार्यक्रम तय है। सोमवार को काठमांडू स्थित शीतल निवास में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल उन्हें मानद महारथी की उपाधि का प्रतीक चिह्न प्रदान करेंगे।
इसके बाद जनरल सेठ सोमवार को ही नेपाली सेना के मुख्यालय जंगी अड्डा में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
चार दशक का सैन्य अनुभव
जनरल धीरज सेठ ने 30 जून 2026 को भारतीय थल सेना के 31वें प्रमुख के रूप में पदभार संभाला था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़गवासला के पूर्व छात्र हैं और दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कॉर्प्स में कमीशन हुए थे। करीब चार दशक के सैन्य करियर में उन्होंने विभिन्न परिचालन, रणनीतिक और आधुनिकीकरण संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान सहित दो महत्वपूर्ण ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व किया है। इससे पहले वह सेना मुख्यालय में रणनीतिक योजना और क्षमता विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे हैं।
भारत-नेपाल सैन्य संबंधों पर नजर
जनरल धीरज सेठ की नेपाल यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और नेपाल के बीच पारंपरिक रूप से मजबूत सैन्य एवं सुरक्षा संबंध हैं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच नियमित सैन्य संपर्क, प्रशिक्षण और संयुक्त अभ्यास होते रहे हैं।
नेपाल में होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों में सीमा सुरक्षा, क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा सहयोग तथा दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा की संभावना है।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now