‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : “मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं जिनके सपनों में जान होती है, परवाज़ से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।”
इन पंक्तियों को चरितार्थ करते हुए नगर पंचायत बढ़नी के पूर्व सभासद मोहम्मद आलम के पुत्र मोहम्मद अरमान ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC-JE) परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन सीमा सड़क संगठन (Border Roads Organisation-BRO) में जूनियर इंजीनियर (JE) पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
मोहम्मद अरमान की प्रारंभिक शिक्षा बढ़नी में हुई। इसके बाद उन्होंने वाराणसी से डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। उच्च लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वे लखनऊ में रहकर कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा की तैयारी में जुट गए। लगभग पाँच वर्षों के अथक परिश्रम, संघर्ष और धैर्य के बाद उन्होंने एसएससी-जेई परीक्षा में ऑल इंडिया 923वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
अरमान ने बताया कि तैयारी के दौरान दो बार वे मात्र एक-एक अंक से चयन से वंचित रह गए थे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखा। अंततः उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने सफलता का मुकाम हासिल कर लिया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया।
अरमान की सफलता पर नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मसूद अहमद, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अकील अहमद, कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व डायरेक्टर नन्दलाल आजाद, डॉ. हफीजुर्रहमान, मलिक मोहम्मद फजलुर्रहमान, अहमद रजा, मोहम्मद आकिब, मोहम्मद आमिर आदि ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।




