एसआईआर के बाद मतदाता सूची में नामों का दोहराव निर्वाचन आयोग की त्रुटियों को उजागर कर रहा : मणेन्द्र मिश्रा

SHARE:

निर्वाचन आयोग अविलंब फर्जी नामों को मतदाता सूची से हटाए
• वोटर लिस्ट की खामियों को ठीक करने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाएगी सपा

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : समाजवादी पार्टी के जोगिया एसआईआर (SIR) प्रभारी मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ ने शोहरतगढ़ विधानसभा के बभनी, परसोहिया, डबरा, नगपरा, जमहिरिया और खेतवल मिश्र सहित एक दर्जन बूथों पर बैठक कर एसआईआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची का परीक्षण किया तथा उसमें मौजूद त्रुटियों की समीक्षा की।

समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ ने कहा कि एसआईआर के बाद भी अनेक बूथों पर मतदाताओं के नामों की पुनरावृत्ति निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग ने शत-प्रतिशत त्रुटिरहित मतदाता सूची का दावा किया था, लेकिन नई प्रकाशित सूची में कई मतदाताओं के नाम दो-दो बार दर्ज पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में केवल ईपीआईसी (EPIC) नंबर बदला गया है, जबकि मतदाता का नाम, संबंधी का नाम, उम्र और मकान संख्या पूरी तरह समान है। उदाहरण के तौर पर बूथ संख्या 294 (खेतवल मिश्र) एवं 296 (डबरा) की मतदाता सूची में साफिया खातून का नाम दो बार दर्ज है। इसी प्रकार बूथ संख्या 289 (बभनी) में सोनू क्रम संख्या 420 और 421 पर तथा कृतिका मिश्रा क्रम संख्या 742 और 747 पर समान विवरण के साथ दर्ज हैं। यह स्थिति मतदाता सूची में गंभीर खामियों की ओर संकेत करती है।

मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि शीघ्र ही समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन अधिकारियों से मिलकर बूथवार मतदाता सूची की कमियों को साक्ष्यों सहित प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी मतदाता सूची में दर्ज फर्जी एवं दोहराए गए नामों को हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी।

उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि मतदाता सूची का पुनः सत्यापन कर अविलंब फर्जी एवं दोहराए गए नामों को हटाया जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान बीडीसी मंजूर खान, अजय चौरसिया, संजय यादव, सूरज भास्कर, शिवरतन निषाद, जावेद अख्तर, मदन निषाद सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now