‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : एसएसबी 50वीं वाहिनी बलरामपुर के बीओपी त्रिलोकपुर को बड़ी सफलता मिली। जवानों ने वाहन चेकिंग के दौरान 9.60 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बाइक, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, बीओपी त्रिलोकपुर में तैनात एसआई मंगला राम चौहान के नेतृत्व में एसएसबी जवान बढ़नी-बलरामपुर मार्ग पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बलरामपुर से बढ़नी की ओर जा रही बाइक संख्या यूपी55एडी8302 पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9.60 ग्राम स्मैक (हेरोइन), 2640 रुपये भारतीय मुद्रा, 110 रुपये नेपाली मुद्रा, दो मोबाइल फोन तथा बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास (21 वर्ष) पुत्र कमलेश कश्यप एवं मनोज कुमार यादव (24 वर्ष) पुत्र नरसिंह यादव निवासी बढ़नी, थाना ढेबरुआ, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बलरामपुर निवासी दद्दू नामक व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाए थे और उसका स्वयं सेवन करने वाले थे। एसएसबी ने बरामद स्मैक एवं अन्य सामान के साथ दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाने के सुपुर्द कर दिया है।
Author: Vikas News
Post Views: 577




