बलरामपुर : राष्ट्र जागरण, मानव में देवत्व के उदय और धरती पर स्वर्ग के अवतरण को लेकर गायत्री परिवार पचपेड़वा व गैंसडी संयुक्त रूप से आगामी 27 मार्च को गायत्री शक्तिपीठ पचपेड़वा में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से रामनवमी तक चलने वाले नवरात्रि साधना की पूर्णाहुति पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ और भोजन-प्रसाद/भंडारे का आयोजन करेगी।

इस साधना में श्रद्धालु 30 माला प्रतिदिन अपने इष्टदेव के मंत्रों का जप करते हुए उपवास, भूमिशयन, ब्रह्मचर्य व्रत का पालन, मौनव्रत और चमड़े से बनी वस्तुओं का परहेज करते हुए अपने 24 हजार मंत्रों की साधना करते हैं। साधक पूर्णाहुति के दिन कन्या पूजन के पश्चात उन्हें भोजन कराके नौ दिनों के व्रत का पारण करते हैं।

इन दिनों (चैत्र नवरात्रि) पूरे क्षेत्र में संस्कारों की विशिष्ट श्रृंखला चल रही है। जिनमें प्रमुख रूप से घर-घर एक कुंडीय गायत्री यज्ञ और शक्तिपीठ पचपेड़वा के प्रांगण में विभिन्न संस्कार मुंडन, नामकरण और विद्यारंभ जैसे संस्कार संपन्न हो रहे हैं। इसी क्रम में आज ग्राम मनकापुर निवासी गायत्री परिवार पचपेड़वा के युवा परिजन सुनीता पाल व गयादीप पाल के सुपुत्र तरुण का मुंडन संस्कार, गायत्री परिवार पचपेड़वा के प्रबंध ट्रस्टी संजय जायसवाल के पौत्र रुद्राक्ष का नामकरण संस्कार, स्थानीय तुलसीपुर रोड निवासी अमित चौरसिया के प्रतिष्ठान पर एक कुंडीय गायत्री यज्ञ, रेहरा चौकी के राधेश्याम शुक्ला के आवास पर गायत्री यज्ञ, ग्राम बैरिहवा के युवा परिजन अजय चौधरी के आवास पर गायत्री यज्ञ और कटैयाभारी में ज्ञानेंद्र विश्वकर्मा के सुपुत्र रुद्र का जन्मदिवस संस्कार गायत्री दीपयज्ञ के माध्यम से कराया गया। पूर्णाहुति के पश्चात एक संक्षिप्त परिचर्चा आयोजित की जाएगी। जिसमें अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा संचालित शताब्दी समारोह, वांग्मय स्थापना/पुस्तकालय को विराट स्वरूप प्रदान करने, गैंसडी में गायत्री ज्ञान मंदिर के निर्माण के साथ अन्य विषयों पर चर्चा होगी।

इस परिचर्चा में गायत्री परिवार के जनपद युवा प्रभारी संदीप जायसवाल, वरिष्ठ परिजन राधे गोविन्द गुप्ता, अंगद प्रजापति, कृष्ण कुमार पांडे, युवा परिजन सचिन सोनी, माता प्रसाद गुप्ता, प्रबंध ट्रस्टी संजय जायसवाल और महिला मंडल प्रभारी मीना श्रीवास्तव आदि भाग लेंगी।




