सिद्धार्थनगर : भवानीगंज थाना अंतर्गत के भड़रिया में कलश यात्रा में जल भरने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से दो युवकों डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। भवानीगंज पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया स्थित मां सिद्धेश्वरी देवी शक्ति पीठ मंदिर पर नव युवक रामलीला समिति द्वारा मां दुर्गा प्राण प्रतिष्ठा व संगीतमय श्रीराम कथा को लेकर कलश यात्रा निकाली गई। जो क्षेत्र के भड़रिया कस्बा होते हुए सुआ नाला राप्ती नदी पर जल भरने पहुंची।


कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जल भरने के दौरान ग्राम भड़रिया निवासी कन्हैया गुप्ता के 22 वर्षीय पुत्र विकास गुप्ता एवं लल्लू यादव के 17 वर्षीय पुत्र शिवम अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख आस पास के लोग दोनों को बचाने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। दोनों को तुरंत बेवां स्थित एक चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे गांव व क्षेत्र में शोक की लहर है।

घटना की जानकारी होने पर भवानीगंज थानाध्यक्ष बृजेश सिंह व डुमरियागंज नायब तहसीलदार विष्णु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम न कराने पर की मांग पर शवों का पंचनामा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।




