सिद्धार्थनगर : मिशन शक्ति व साइबर क्राइम के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के प्रांगण में मुख्यातिथि शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा व उनकी पत्नी बबिता वर्मा की मौजूदगी में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत हेल्पलाइन नंबर, कानूनों की जानकारी दी गई।

शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए सरकार गांवों व शहरों में महिलाओं व छात्राओं को मिशन शक्ति के माध्यम से जगह-जगह जागरुकता कार्यक्रम के द्वारा जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन सहित 102, स्वास्थ्य सेवा आदि हेल्पलाइन नंबरों की व्यवस्था की गई है। जिस पर शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाती है। महिलाएं व बालिकाएं अपने पास हेल्पलाइन नंबर, नजदीकी पुलिस स्टेशन के सीयूजी नंबर लिखकर जरुर रखें।

ढेबरुआ थाने के एसआई जय प्रकाश, कांस्टेबल मोहित कुमार पुंडीर व महिला आरक्षी मीरा रानी ने साइबर सुरक्षा व मिशन शक्ति के बारे में बताया। उन्होंने मौजूद महिलाओं को हैकिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी आईडी, साइबर बुलिंग, महिलाओं से संबंधित अपराध से बचने के उपाय भी बताए, साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी दी।
इस दौरान बढ़नी चौकी प्रभारी एसआई अनिरुद्ध सिंह, एसआई कुंज बिहारी तिवारी, अमरेश पांडेय, प्रदीप कमलापुरी, रामदास मौर्य, मयंक शुक्ल, अजय वरुण, विवेक गुप्ता, हरगोविंद मिश्र, आदि मौजूद रहे।




