सिद्धार्थनगर : जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में 14 अगस्त 1947 की स्मृति में भारत विभाजन विभीषिका दिवस मनाया गया। डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर, सीडीओ बलराम सिंह ने विभाजन विभीषिका से संबधित अभिलेखों की चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया।
विभाजन से सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकजुटता हुई क्षतिग्रस्त
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को देश के विभाजन के दौरान नफरत और हिंसा की वजह से लाखों लोगों ने संघर्ष किया और बलिदान दिया। इस घटना ने सदियों से कायम सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकजुटता को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी कारण पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया जा रहा है।आज पूरा देश, आजादी दिलाने में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
विभाजन के दौरान लोगों ने दी अपनी जानें
भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को हमारा देश आजाद हुआ। इससे एक दिन पूर्व 14 अगस्त को देश का विभाजन हुआ। जिसमें बहुत से लोगों ने अपने जान दी।
वर्तमान पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी के बारे में जाननी चाहिए
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को हुआ देश का विभाजन सबसे दुखद दिन था। उन्होंने कहा कि विभाजन न होता तो भारत हर क्षेत्र में और अधिक सशक्त होता। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य वर्तमान पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराना है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहराने और सेल्फी अपलोड करने की अपील की।
ये रहे मौजूद
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, डीडीओ सतीश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल आदि मौजूद रहे




