सिद्धार्थनगर : हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। जो ढेबरुआ स्थित शहीद स्मारक स्थल से प्रारंभ होकर नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंच कर संपन्न हुई। इस दौरान जय हिंद, वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
बढ़नी क्षेत्र के ढेबरुआ स्थित शहीद स्मारक स्थल से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो भरौली, सेवरा, दुधबनिया बुजुर्ग होते हुए बढ़नी बस स्टॉप तिराहे पर पहुंची। इसके बाद माल गोदाम तिराहा, स्टेशन रोड, नेपाल रोड से गुजरते हुए एसएसबी बढ़नी बीओपी पर पहुंची। जहां पर नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि और एसएसबी 50वीं वाहिनी बढ़नी बीओपी प्रभारी एसी संजय केपी ने तिरंगे के महत्व और इसके गौरवशाली इतिहास के बारे में बताया।
तिरंगा, राष्ट्रीय पहचान और आजादी प्रतीक
चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय पहचान और आजादी का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र तथा शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की। उन्होंने बढ़नी कस्बे को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाने का आह्वान किया।
युवाओं में देशभक्ति की भावना हमेशा जीवित रहे
असिस्टेंट कमांडेंट संजय केपी ने तिरंगे की रक्षा के लिए शहीद हुए वीरों को याद किया। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति की भावना को हमेशा जीवित रखने तथा तिरंगे के प्रति सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्र का माहौल राष्ट्रप्रेम से रहा सराबोर
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भारत माता की जय और जय हिंद, वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
तिरंगा यात्रा में ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा बढ़नी मंडल अध्यक्ष योगेंद्र तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर पाठक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनीत कमलापुरी, प्रभात तिवारी, राजेश सिंह, चंद्रबली यादव, दिनेश सिंह, राजेश्वर सिंह, संजय जायसवाल, रामराज कन्नौजिया, सूरज अग्रहरि, ध्रुव चतुर्वेदी, राज अग्रहरि, संजय यादव, रामू, रोहित, भोला आदि मौजूद थे।




