‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से विजयादशमी उत्सव के अवसर पर शुक्रवार को नौगढ़ नगर में पथ संचलन निकाला गया। गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय देते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से संचलन किया। इस दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा के संकल्प से ओतप्रोत नजर आया।

पथ संचलन का शुभारंभ सरस्वती विद्या मंदिर परिसर से हुआ। यहां से स्वयंसेवक बांसी तिराहा, भारत माता चौक, स्वामी विवेकानंद चौक, बुद्ध तिराहा, स्टेशन रोड और मौर्या लॉज होते हुए पुनः सरस्वती विद्या मंदिर परिसर पहुंचे। निर्धारित मार्ग पर संचलन के दौरान स्वयंसेवकों का अनुशासन, संगठन के प्रति समर्पण और सामूहिक एकजुटता देखने को मिली।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज ने कहा कि संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे हो चुके हैं। स्वयंसेवकों के संकल्प और समर्पण के बल पर राष्ट्रसेवा का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि भारत के कोने-कोने में भगवान श्रीराम की आस्था विद्यमान है और भारत हमारे लिए स्वर्ग के समान है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का परम दायित्व है।

मनोज ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए देशविरोधी ताकतों को पहचानना तथा उनके मंसूबों को सफल होने से रोकना आवश्यक है। उन्होंने देश की संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति समर्पण को संघ के कार्यों का प्रमुख आधार बताया।
कार्यक्रम में संघ के अजीत, रणजीत, मनोज कुमार, सौरभ, मुरलीधर, अविनाश, सीमा, उमा सिंह, विपिन सिंह, दिवाकर विक्रम और सतीश रस्तोगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, विधायक श्यामधनी राही, आशीष शुक्ला, रामनारायण, हेमंत जायसवाल और सत्यप्रकाश राही आदि भी उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 286





