भारी पुलिस बल की मौजूदगी में देर रात तीन बजे तक हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में मंगलवार देर रात दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान मालगोदाम तिराहे पर विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने अपने साथ मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट का आरोप लगाया है। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच घरुआर स्थित चरगहवा नदी में देर रात करीब तीन बजे तक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न कराया गया।
चेयरमैन ने पांच नामजद समेत दो दर्जन अज्ञात लोगों पर लगाया आरोप
नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने ढेबरुआ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह मालगोदाम तिराहे पर प्रसाद वितरण कर रहे थे। इसी दौरान पंकज चतुर्वेदी, जयंत पांडेय, अभिषेक चतुर्वेदी, भोला पांडेय और रामभवन यादव समेत करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर उन पर हमला कर दिया।
चेयरमैन ने मारपीट, गाली-गलौज, दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त करने तथा सोने की चेन और नकदी छीनने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ढेबरुआ थानाध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय के अनुसार, चेयरमैन की तहरीर के आधार पर पांच नामजद और करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, दूसरे पक्ष के पंकज चतुर्वेदी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश के तहत फंसाने का प्रयास करार दिया है। उनका कहना है कि दो दिन पहले उनके भाई प्रिंस चतुर्वेदी, रवि गौतम और अन्य लोगों के साथ कस्बे के कुछ युवकों ने मारपीट की थी। इस मामले में ढेबरुआ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पंकज चतुर्वेदी के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के चलते प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनके एक रिश्तेदार को गाड़ी में बैठाकर ले गई थी। इसकी जानकारी लेने जब वह मौके पर पहुंचे, तो कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया।

विवाद बढ़ने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
विवाद बढ़ने के साथ ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विसर्जन मार्ग पर श्रद्धालुओं, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी।
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ रवीश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी सहित पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। देर रात करीब साढ़े 12 बजे अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश और क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
स्थिति को संभालने के लिए ढेबरुआ, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, कठेला समय माता, गोल्हौरा, त्रिलोकपुर, उसका बाजार, कपिलवस्तु कोतवाली और महिला थाना सिद्धार्थनगर सहित कई थानों की पुलिस, पीएसी तथा अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

माल गोदाम तिराहे से रामलीला मैदान तक फ्लैग मार्च
कस्बे में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, शोहरतगढ़ रवीश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने मालगोदाम तिराहे से रामलीला मैदान तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
भारी पुलिस बल और पीएसी की निगरानी में कस्बे से लेकर विसर्जन स्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच घरुआर स्थित चरगहवा नदी में जयकारों के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात करीब तीन बजे तक संपन्न कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल कस्बे में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।
अराजक तत्वों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : सीओ
ढेबरुआ थानाध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि की तहरीर पर पांच नामजद और करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने कहा कि त्योहार के दौरान अशांति फैलाने और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Vikas News
Post Views: 688





