‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी, सिद्धार्थनगर : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को बढ़नी रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, रेलवे यार्ड, ट्रैक तथा निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पूर्व डीआरएम ने बढ़नी-गोंडा वाया बलरामपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल संचालन एवं संरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

स्टेशन की यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा
बढ़नी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पैनल रूम, स्टेशन वर्किंग रूल, रिले रूम, निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री प्रतीक्षालय, वीआईपी लाउंज, रिटायरिंग रूम तथा स्टेशन भवन का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज की प्रगति की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान रेल ट्रैक, कर्व और पुलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

सुभागपुर से शुरू हुआ निरीक्षण
डीआरएम गौरव अग्रवाल ने निरीक्षण की शुरुआत सुभागपुर स्टेशन से की। यहां उन्होंने स्टेशन यार्ड में पॉइंट एवं क्रॉसिंग का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड के लेआउट की जानकारी ली तथा सिग्नलिंग प्रणाली की कार्यप्रणाली की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने बलरामपुर-गैंजहवा स्टेशनों के बीच स्थित समपार संख्या 136 का निरीक्षण किया। यहां फाटक पर उपलब्ध संरक्षा उपकरणों, बूम लॉकिंग, प्राइवेट नंबर स्थानांतरण रजिस्टर, सेफ्टी चेन, पटाखा संकेत और हैंड टॉर्च की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की।
डीआरएम ने ड्यूटी पर तैनात गेटमैन से समपार फाटक के संचालन, सुरक्षा सावधानियों और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली।

पुल और समपार फाटकों की सुरक्षा व्यवस्था परखी
निरीक्षण के क्रम में कुड़िया पुल संख्या 154 का भी गहन निरीक्षण किया गया। इसके बाद गैंजहवा-तुलसीपुर रेलखंड के बीच स्थित समपार संख्या 108बी का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात गेटमैन के संरक्षा ज्ञान और कार्यप्रणाली को परखा गया।
डीआरएम ने रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न सुरक्षा मानकों का मौके पर परीक्षण किया और अधिकारियों को संरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

इटियाथोक स्टेशन पर भी किया निरीक्षण
वापसी के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने इटियाथोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पैनल रूम, रिले रूम और सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लेते हुए स्टेशन की संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों को रेलवे संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इससे जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
Author: Vikas News
Post Views: 285





