‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शासन स्तर पर लंबित मांगों का जल्द समाधान कराने की मांग की।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि NHM के तहत विभिन्न संवर्गों में लंबे समय से कार्यरत कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि दीर्घकाल से कार्यरत NHM कर्मियों को राज्य आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था में शामिल करते हुए नियमित किया जाए।

संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से पांच प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें NHM कर्मचारियों के लिए न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित करने के साथ कार्यावधि, अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी वेतन निर्धारण एवं वेतन वृद्धि नीति लागू करना शामिल है। इसके अलावा रिक्त पदों को जल्द भरने और कर्मचारियों के लिए रिक्त पदों पर स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने सभी NHM कर्मियों को EPF, ESI, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा समेत आवश्यक सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की भी मांग उठाई। साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन अथवा सेवा निगम के माध्यम से नियोजन कर लाभ उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि मांगों के समाधान के लिए संयुक्त संघर्ष समिति ने चरणबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया है। कर्मचारियों ने शासन से समयबद्ध कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
ज्ञापन देने वालों में संध्या, अमृता पांडेय, सौम्या जायसवाल, श्रद्धा चौधरी, सपना, अख्तर हुसैन, योगेंद्र, विजय कीर्ति, अवनीश आदि मौजूद रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 92






