‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
गेंगटी गांव में बाढ़ प्रभावित किसानों ने अपनी फसलों के नुकसान को लेकर राहत एवं मुआवजे की मांग से संबंधित ज्ञापन कार्यवाहक उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ एवं तहसीलदार माधवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि बाढ़ के कारण 100 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर नियमानुसार सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि बाढ़ से किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को प्रभावित किसानों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार करनी चाहिए और उन्हें बिना विलंब उचित मुआवजा दिलाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पूर्व भी क्षेत्र में इसी तरह की बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसमें प्रभावित किसानों को सरकारी राहत उपलब्ध कराई गई थी। ऐसे में इस बार भी बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
चारा, बिजली और मेडिकल कैंप की मांग
मणेन्द्र मिश्रा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों और पशुओं की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रशासन से पशुओं के लिए सूखा चारा उपलब्ध कराने, प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा मेडिकल कैंप लगाकर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने मैरुंड गांवों में आवागमन के मार्गों को दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी न हो और आवश्यक सुविधाएं उन तक पहुंच सकें।
कार्यवाहक एसडीएम एवं तहसीलदार माधवेंद्र प्रताप सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी गोपाल फौजी, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक शकील शाह, प्रदेश सचिव मो. जावेद खान, जोनल प्रभारी राकेश दूबे, जिला सचिव लवकुश सैनी, मझवन बूथ प्रभारी शफीक, रहमत अली, शहाबुद्दीन, सोमई, संदीप साहनी आदि मौजूद रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 84





