बढ़नी में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी बैठक में सख्त निर्देश; डीजे की तेज आवाज पर कार्रवाई की चेतावनी

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी पुलिस चौकी की ओर से कस्बे के सात्विक मैरेज हॉल में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों, डीजे संचालकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पंडालों में सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
बैठक में एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, विसर्जन के लिए जिम्मेदार कमेटी गठित करने तथा विसर्जन मार्ग की साफ-सफाई समय से कराने के निर्देश दिए।

डीजे की तेज आवाज पर होगी कार्रवाई
बैठक में डीजे संचालन को लेकर भी अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तेज आवाज में डीजे बजाने अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

आयोजकों से अपील की गई कि धार्मिक आयोजन के दौरान ध्वनि और समय संबंधी निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि किसी को असुविधा न हो और माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे।
रूट डायवर्जन और विद्युत सुरक्षा की तैयारी
शोहरतगढ़ के नवागत एसडीएम रवीश गुप्ता ने पूजा एवं विसर्जन के दौरान विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित रखने के साथ ही रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
परंपरागत मार्ग से ही होगा आयोजन
सीओ मयंक द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि त्योहार का आयोजन परंपरागत मार्ग और त्योहार रजिस्टर में दर्ज परंपरा के अनुसार ही किया जाएगा। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए। पंडालों के आसपास पानी और बालू की व्यवस्था रखने तथा विद्युत तारों की सुरक्षित वायरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। नंगे तारों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई
सीओ ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, आपत्तिजनक फोटो या धार्मिक टिप्पणी पोस्ट करने, जातिसूचक अथवा भड़काऊ सामग्री साझा कर माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

डीजे की तेज आवाज को लेकर लोगों ने सौंपा शिकायती पत्र
बैठक के दौरान कस्बे के लोगों ने अधिकारियों के समक्ष डीजे की तेज आवाज को नियमानुसार संचालित कराने की मांग रखी। इस संबंध में लोगों ने संबंधित नियमावली का हवाला देते हुए अधिकारियों को एक शिकायती पत्र भी सौंपा और नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की।

बैठक का संचालन ढेबरुआ थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय ने किया। इस दौरान बढ़नी चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव, भाजपा मंडल प्रभारी राजकुमार सिंह उर्फ राजू शाही, सभासद त्रियुगी नाथ अग्रहरि, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विनीत कमलापुरी, डॉ. राजन उपाध्याय, ध्रुव चतुर्वेदी, राजकुमार अग्रहरि, गणेश अग्रहरि, श्रीराम गुप्ता, उपेंद्र पांडेय, रामधनी मौर्या, विष्णु अग्रहरि, विमल अग्रहरि, विनय अग्रहरि, सागर मोदनवाल, विवेक गुप्ता समेत पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now