‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : इंडो-नेपाल के बढ़नी बॉर्डर के पास एक नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने की सूचना पर सशस्त्र सीमा बल 50वीं वाहिनी बलरामपुर की ‘एफ’ समवाय त्रिलोकपुर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम ने 17 वर्षीय नाबालिग युवती को सुरक्षित रेस्क्यू करने के साथ मौके से उसके साथ मौजूद दो युवकों को भी पकड़ लिया। बाद में युवती और दोनों युवकों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए इटवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई SSB
जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर को SSB बीओपी त्रिलोकपुर को सूचना मिली कि दो युवक एक नाबालिग युवती को मोटरसाइकिल से नेपाल ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एएसआई वरिन्दर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय गश्ती दल गठित किया गया और संदिग्धों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
त्रिलोकपुर चौक पर रोकी गई मोटरसाइकिल
गश्ती दल त्रिलोकपुर चौक की ओर रवाना हुआ। इसी दौरान भारत की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक और एक युवती आते दिखाई दिए। सूचना में बताए गए हुलिए से मिलान होने पर SSB जवानों ने मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान युवती नाबालिग प्रतीत हुई। इसके बाद महिला कार्मिक की मौजूदगी में युवती से अलग से पूछताछ की गई। युवती ने अपनी उम्र 17 वर्ष बताई।
खरीदारी के बहाने नेपाल ले जाने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अमीर अहमद को पिछले करीब सात-आठ महीने से जानती है और दोनों के बीच दोस्ती है। युवती के अनुसार, अमीर अहमद उसे खरीदारी कराने के बहाने नेपाल ले जा रहा था।
वहीं, पूछताछ में अमीर अहमद ने बताया कि युवती उसकी मित्र है और वह स्कूल जाने के बहाने घर से निकली थी। इसके बाद उसने अपने दोस्त मोहम्मद यासर को मोटरसाइकिल के साथ बुलाया और युवती को साथ लेकर खरीदारी के लिए नेपाल जाने की बात कही।
मानव तस्करी की आशंका को लेकर जांच
मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर SSB टीम ने तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। नाबालिग युवती को नेपाल ले जाने की परिस्थितियों को देखते हुए मानव तस्करी की आशंका के कोण से भी मामले को गंभीरता से लिया गया।
SSB के अनुसार, युवती को नेपाल में कहां ले जाया जा रहा था, इसकी उसे स्पष्ट जानकारी नहीं थी। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति या गिरोह के संपर्क में आने की आशंका को देखते हुए उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
बाइक समेत दोनों युवक पुलिस के हवाले
पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान अमीर अहमद पुत्र अब्दुल कयूम और मोहम्मद यासर पुत्र जुबेर, दोनों निवासी ग्राम रमवापुर उर्फ विशुनपुर, पोस्ट करहिया गोसाई, थाना इटवा, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई।
SSB टीम ने युवती और दोनों युवकों को मोटरसाइकिल संख्या UP55 BA 7049 सहित 29 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे AHTU पुलिस सिद्धार्थनगर के निर्देश पर थाना इटवा पुलिस को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा वास्तविक उद्देश्य
SSB अधिकारियों के मुताबिक, पूरी पूछताछ और कार्रवाई के दौरान नाबालिग की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। युवती को नेपाल ले जाने के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 130





