‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : अयोध्या के कोतवाली नगर क्षेत्र में अयोध्या-फैजाबाद मार्ग पर जनौरा स्थित दिशा कोचिंग के पास बुधवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर बस्ती की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक का पीछा करते हुए चालक को पकड़ने का प्रयास शुरू किया।

मृतक की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र की अहिरौला ग्राम पंचायत के खैरहनिया टोला निवासी सुशील चंद्र (30) पुत्र फिरीलाल के रूप में हुई है। बताया गया कि सुशील चंद्र अपने साले के साथ अयोध्या में खिलौनों की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम वह बाइक से सामान लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जनौरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक मनोज शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी।
पति की मौत की सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी उमा देवी मौके पर पहुंचीं। पति का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सुशील चंद्र के दो छोटे पुत्र कार्तिक (5 वर्ष) और समर (3 वर्ष) हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव देर रात पैतृक गांव खैरहनिया लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
Author: Vikas News
Post Views: 180





