‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी (सिद्धार्थनगर) : समाजवादी पार्टी के PDA छात्र-नौजवान जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को सुभद्र नाथ कन्या महाविद्यालय, सेवरा भरौली, बढ़नी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा तथा अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक एवं समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सागर पाठक रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष विष्णु उमर ने की। इस दौरान जिला सचिव फैजान आलम, विधानसभा अध्यक्ष छात्र सभा राहुल चौरसिया, जिला सचिव छात्र सभा उमेश यादव सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सागर पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान छात्राओं और युवाओं के हित में कन्या विद्याधन, लैपटॉप वितरण एवं साइकिल वितरण जैसी योजनाएं संचालित की गई थीं। उन्होंने कहा कि 1090 वूमेन पावर लाइन, डायल-100 और 108 एंबुलेंस सेवा जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीर चिंता का विषय बताया।

अध्यक्षता कर रहे विष्णु उमर ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा छात्र-छात्राओं के अधिकारों और PDA आंदोलन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लैपटॉप वितरण और कन्या विद्याधन जैसी योजनाओं को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा एवं युवाओं के भविष्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। साथ ही कई छात्राओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
अंत में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छात्र-नौजवानों के बीच जागरूकता अभियान और संवाद को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Author: Vikas News
Post Views: 160





