‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के महदेवा नानकार गांव में फागिंग और दवा छिड़काव के नाम पर 23,900 रुपये के भुगतान को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में फागिंग और दवा का छिड़काव कराए बिना ही भुगतान कर दिया गया। ग्राम पंचायत के पोर्टल पर दर्ज सूचना के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने मामले की जांच की मांग की है।
बताया गया कि महदेवा नानकार ग्राम पंचायत की आबादी छह हजार से अधिक है और इसके अंतर्गत मौलवी महदेवा सहित कई टोले आते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। जगह-जगह गंदगी और मच्छरों की समस्या बनी हुई है।

ग्राम पंचायत की ओर से मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग और दवा छिड़काव कराया जाना दर्ज है। इसके लिए 26 अगस्त 2026 को ग्लोबल सप्लायर के खाते में 23,900 रुपये का भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि गांव के किसी भी टोले में फागिंग अथवा दवा छिड़काव होता उन्होंने नहीं देखा।
ग्रामीण इंद्रेश वर्मा, रामजीत कुमार, अखिलेश पासवान और अजय चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का भुगतान ऐसे कार्य के लिए किया गया है, जिसका मौके पर कोई प्रभाव दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों ने पूरे मामले की स्थलीय जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जब फागिंग की बात सामने आ रही है, तो गांव में नियमित साफ-सफाई की स्थिति भी जांची जानी चाहिए। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर झाड़ू तक नहीं लग रही है, जिससे मच्छरों और गंदगी की समस्या बनी हुई है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव कामेश्वर मिश्रा से जानकारी लेने का प्रयास किया गया। सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
मामले में शोहरतगढ़ के बीडीओ विमल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महदेवा नानकार गांव में कार्य कराए बिना भुगतान किए जाने की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
Author: Vikas News
Post Views: 206





