‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 43वीं वाहिनी के बीओपी खुनुवा के जवानों ने 6.474 किलोग्राम चांदी के आभूषणों के साथ एक 72 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान में 186 जोड़ी पायल और 1,448 बिछिया शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 43वीं वाहिनी के बीओपी खुनुवा के जवानों द्वारा बीते 12 सितंबर शुक्रवार को खुनुवा चेक पोस्ट पर सीमा स्तंभ संख्या-556 से लगभग 50 मीटर भारतीय सीमा के अंदर विशेष सूचना के आधार पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति नेपाल की ओर जाते हुए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात एसएसबी जवानों ने उसे रोककर तलाशी देने के लिए कहा।
तलाशी की बात सुनते ही वह व्यक्ति घबरा गया और वापस भारत की ओर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर एसएसबी जवानों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद गठरी से बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनका कुल वजन 6.474 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान हरिराम पुत्र प्यारे (72 वर्ष), निवासी नीबी दोहनी, थाना शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में बताई। उसने बताया कि वह यह सामान शोहरतगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति से लेकर नेपाल में किसी अन्य अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार बरामद चांदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके चलते चांदी के सामान सहित आरोपी को आवश्यक कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क विभाग (कस्टम), खुनुवा के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 499





