‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : समेकित शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों के ज्ञानवर्धन, सामाजिक सहभागिता और मनोरंजन के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) करुणापति त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 165 दिव्यांग बच्चों को तीन बसों से गोरखपुर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

एक्सपोजर विजिट में नौगढ़, बांसी और डुमरियागंज तहसील के बच्चे शामिल हुए। भ्रमण के दौरान बच्चे गोरखपुर स्थित शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर), रामगढ़ताल नौका विहार तथा रेल म्यूजियम का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना, सामाजिक रूप से जोड़ना तथा उनमें आत्मविश्वास का विकास करना है।

बांसी तहसील से रवाना होने वाली बस को विधायक जय प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं नौगढ़ से जाने वाली बस को बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार तथा डुमरियागंज की बस को खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार शुक्ला ने रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें नई चीजों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
भ्रमण को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा एवं सहयोग के लिए विशेष शिक्षकों और कर्मचारियों की टीम भी साथ रही। इनमें राजेश त्रिपाठी, चित्ररेखा मिश्रा, राकेश चौधरी, जितेन्द्र कुमार, प्रदुमन कुमार सिंह, अरुण कुमार, राघवेंद्र मिश्र, राम सिंह, वीरेंद्र उपाध्याय, पूर्णिमा पांडेय, सतीश चंद्र, अवनीश त्रिपाठी, प्रतिभा, प्रेम प्रकाश सिंह, उमेश मिश्र, राममंगल, प्रमोद गोस्वामी, श्रीराम, संतोष कुमार, सरिता सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 152





