‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नौगढ़ नगर की ओर से गुरुवार को रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), शिक्षा एवं रोजगार, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा राष्ट्र निर्माण जैसे समसामयिक विषयों पर खुलकर अपने विचार रखे और सवाल पूछे।

कार्यक्रम में विभाग प्रचारक राजीव नयन ने युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता मनुष्य की स्वाभाविक प्रवृत्ति है, लेकिन उसकी सार्थकता तभी है जब वह किसी अन्य व्यक्ति की स्वतंत्रता और सम्मान में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी नियमित शिक्षा के साथ-साथ दो से तीन अतिरिक्त कौशल भी अवश्य सीखने चाहिए, ताकि बदलते समय की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

उन्होंने कहा कि एआई और कंप्यूटर जैसी आधुनिक तकनीकों का ज्ञान आज की आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ ही व्यावहारिक एवं हाथों से किए जाने वाले कौशल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। डिजिटल तकनीक ने शिक्षा और ज्ञान तक पहुंच को सरल बनाया है। ऑनलाइन पुस्तकालय, शोध पत्रिकाएं, ई-पुस्तकें और अनुवाद के विभिन्न माध्यम विद्यार्थियों के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
राजीव नयन ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव आया है। ऐसे समय में युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे देश को अधिक समृद्ध, सशक्त और स्वाभिमानी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के दौर में विवेकपूर्ण सोच अपनाने तथा राष्ट्र के विकास में रचनात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर प्रचारक सौरभ, मनीष, उमा सिंह, बसंत प्रसाद मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 131





