कोटखास में 120 रुपये की शर्त में तालाब में उतरा युवक, डूबने से मौत, 15 घंटे बाद जाल की मदद से बरामद हुआ शव, साथियों के साथ लगी थी तालाब पार करने की शर्त

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : गोल्हौरा थाना क्षेत्र के कोटखास गांव में रविवार शाम तालाब को तैरकर पार करने की शर्त में उतरे 45 वर्षीय कल्लू भर की डूबने से मौत हो गई। करीब 15 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद सोमवार सुबह लगभग 7:30 बजे जाल की मदद से उनका शव तालाब से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

120 रुपये की लगी थी शर्त
जानकारी के अनुसार, इटवा थाना क्षेत्र के सेमरी खानकोट गांव निवासी कल्लू भर कोटखास गांव स्थित तालाब की रखवाली करते थे। रविवार शाम वह अपने साथियों नेतराम, राजू और विक्कू के साथ तालाब में मछलियों को दाना डाल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही बिट्टू ने तालाब को तैरकर पार करने की शर्त लगा दी। शर्त जीतने वाले को 120 रुपये देने की बात तय हुई।
शर्त लगने के बाद कल्लू और विक्कू तालाब में उतर गए। दोनों कुछ दूरी तक साथ-साथ तैरते रहे। इसी दौरान विक्कू तैरकर तालाब के दूसरे किनारे पहुंच गया और बाहर निकल आया, जबकि कल्लू अचानक पानी में दिखाई देना बंद हो गए।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद राजू और नेतराम ने तालाब में उतरकर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

रात तक चला तलाश अभियान
घटना की जानकारी तालाब मालिक रोहित राज सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही गोल्हौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया। रविवार शाम करीब साढ़े तीन घंटे तक तालाब में बड़े जाल की मदद से कई बार तलाश की गई, लेकिन कल्लू का पता नहीं चल सका। रात करीब 7:30 बजे तक अभियान जारी रहा।
इसके बाद सोमवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। करीब 15 घंटे बाद जाल की मदद से कल्लू का शव तालाब से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
पुलिस की मौजूदगी में शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पहली पत्नी की मौत के एक माह बाद कल्लू की भी मौत
कल्लू भर की दो शादियां हुई थीं। बताया गया कि उनकी पहली पत्नी की करीब एक माह पहले मृत्यु हुई थी। पहली पत्नी से उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। वहीं, दूसरी पत्नी मुंबई में रहती हैं और उनसे दो बेटे हैं, जो मुंबई में ही रहते हैं।
पहली पत्नी की मौत के करीब एक महीने बाद कल्लू की भी तालाब में डूबने से मौत हो जाने से परिवार पर एक और बड़ा संकट टूट पड़ा है।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now