‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी (सिद्धार्थनगर) : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम गांधी आदर्श इंटर कॉलेज, बढ़नी तथा उपविजेता जागृति स्पोर्टिंग क्लब, बढ़नी के खिलाड़ियों के सम्मान में रविवार को बढ़नी कस्बे स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा नेपाली नागरिकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
मुख्य अतिथि एवं समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद सिद्धार्थनगर की बेटियों ने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले और ग्रामीण अंचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने पर वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और नीतियां लागू की थीं, जिनका लाभ प्रदेश के खिलाड़ियों को मिला।
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम तथा गांधी आदर्श इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक शंभू नाथ गुप्ता को खेल क्षेत्र में उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित खिलाड़ियों में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सोनी पासवान, गायत्री, सुमन गौड़ एवं अंशिका सोनी के साथ राज्य स्तरीय खिलाड़ी किरन, खुशी, माही, दिव्या, सावित्री, शशि पांडेय, शिखा, आँचल और अर्चना शामिल रहीं।
कार्यक्रम में सपा अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष शकील शाह, सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव हरिनाथ यादव, यूथ ब्रिगेड प्रदेश सचिव जावेद खान, वरिष्ठ सोशल एक्टिविस्ट मसूद खान, फैज़ान आलम, सूरज चौरसिया, प्रकाश साहनी, अफसर आदि उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 118





