नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी रेल सेवा का आज शुभारंभ, बढ़नी-सिद्धार्थनगर क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेलखंड पर अमान परिवर्तन का कार्य पूरा होने के बाद बहुप्रतीक्षित नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी रेल सेवा का शुभारंभ आज 31 अगस्त, सोमवार को किया जाएगा। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन सेवा का शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर पर 05064 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी उद्घाटन विशेष ट्रेन को रवाना किया जाएगा। समारोह में बहराइच के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड, डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल सहित रेल अधिकारी तथा क्षेत्रीय लोग मौजूद रहेंगे।
बढ़नी और सिद्धार्थनगर को मिलेगा सीधा रेल संपर्क
नई रेल सेवा शुरू होने से नेपाल सीमा से सटे बढ़नी, शोहरतगढ़ और सिद्धार्थनगर सहित तराई एवं पूर्वांचल के यात्रियों को वाराणसी तक सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इससे यात्रियों के आवागमन के साथ व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार उद्घाटन विशेष ट्रेन 31 अगस्त को दोपहर 2:45 बजे नेपालगंज रोड से रवाना होगी। ट्रेन नानपारा, रिसिया, बहराइच, पयागपुर, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ और सारनाथ होते हुए अगले दिन सुबह 5:25 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
रात 8:12 बजे बढ़नी पहुंचेगी उद्घाटन ट्रेन
उद्घाटन विशेष ट्रेन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह ट्रेन बढ़नी स्टेशन पर रात 8:12 बजे, शोहरतगढ़ में 8:37 बजे और सिद्धार्थनगर में 8:57 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन आनंदनगर और गोरखपुर होते हुए वाराणसी की ओर रवाना होगी।
इस रेल सेवा से नेपाल सीमा क्षेत्र के यात्रियों को वाराणसी के अलावा मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख शहरों तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। नेपाल के नागरिकों के लिए भी भारत के प्रमुख शहरों तक पहुंच आसान होने से दोनों देशों के बीच सामाजिक एवं आर्थिक संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
17 कोच की होगी उद्घाटन विशेष ट्रेन
रेलवे प्रशासन के अनुसार उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए गए हैं। इनमें 2 जनरेटर सह लगेजयान, 5 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 7 शयनयान, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है।

यात्रियों को मिलेगी निशुल्क यात्रा की सुविधा
उद्घाटन के अवसर पर रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष सुविधा की व्यवस्था की है। 31 अगस्त को प्रातः 10 बजे तक नेपालगंज रोड स्टेशन के टिकट काउंटर से उद्घाटन विशेष ट्रेन में यात्रा के लिए निशुल्क यात्रा टोकन प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए यात्रियों को अपना व्यक्तिगत परिचय विवरण उपलब्ध कराना होगा।
टोकन प्राप्त करने वाले यात्री नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी तक मार्ग में पड़ने वाले निर्धारित स्टेशनों के लिए निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी रेल सेवा शुरू होने से नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों के साथ-साथ बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर मंडल के लोगों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के आवागमन, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रेल संपर्क मजबूत होने से बहराइच जैसे आकांक्षी जिले के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। वहीं, बढ़नी-सिद्धार्थनगर क्षेत्र के लिए यह रेल सेवा नेपाल सीमा और पूर्वांचल के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो सकती है। इससे क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now