‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी, सिद्धार्थनगर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किए गए वादे को पूरा करते हुए नगर पंचायत बढ़नी ने गांधी आदर्श इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण कार्य का भूमिपूजन कराया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।

ज्ञात हो कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की थी। इसी क्रम में 15वें वित्त आयोग की निधि से लगभग 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शौचालय निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं विद्यालय परिवार ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया। उनका कहना था कि शौचालय निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य से विशेष रूप से छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी और विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित होगा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा, पंडित दिलीप पांडेय, सिद्धार्थ शंकर पाठक, रवि अग्रहरि, अनिल अग्रहरि, रामधनी मौर्य, ध्रुव चतुर्वेदी, राजेश्वर साह, रामराज कन्नौजिया, अभिषेक यादव, बृजेश अग्रहरि एवं बरकत आदि उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 133





