‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी, सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में मंगलवार, 11 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ आयोजित होने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा, अपना दल (एस), निषाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दोपहर 1 बजे पीडब्ल्यूडी डाक बंगले, बढ़नी से होगा। कार्यक्रम में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी उपस्थित रहेंगे। यात्रा को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है।
आयोजकों ने भाजपा, अपना दल (एस) एवं निषाद पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की है। साथ ही क्षेत्रीय नागरिकों से भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर इसे सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने सभी से अनुशासन एवं गरिमा के साथ यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
Author: Vikas News
Post Views: 227





