‘हाड़ा’ विकास सिंह
बुटवल (नेपाल)/सिद्धार्थनगर : नेपाल के रूपन्देही जिले के बुटवल में पौने दो करोड़ रुपये की कथित सर्राफा चोरी की घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि चोरी की पूरी कहानी इंश्योरेंस क्लेम हासिल करने और दुकान में रखे सोने-चांदी व नकदी के हिसाब-किताब को छिपाने के उद्देश्य से खुद दुकान संचालक और उसके कर्मचारी द्वारा रची गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुटवल उपमहानगरपालिका-4 स्थित अमरपथ क्षेत्र में संचालित तिनाउ सुनचाँदी पसल के मालिक दीपक बिक (41) और कर्मचारी नवीन बिक (47) ने 31 मई की रात दुकान में चोरी होने की सूचना दी थी। शिकायत में दावा किया गया था कि अज्ञात चोर शटर का ताला तोड़कर तिजोरी में रखे लगभग 1 करोड़ 46 लाख 94 हजार 700 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। यह भी बताया गया था कि घटना के समय दुकान मालिक पोखरा में मौजूद थे और दुकान का सीसीटीवी सिस्टम खराब था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रांतीय पुलिस कार्यालय लुम्बिनी, जिला पुलिस कार्यालय रूपन्देही तथा क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय बुटवल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम में कई संदिग्ध तथ्य मिले, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के मुताबिक, दुकान में वास्तविक चोरी नहीं हुई थी। आरोपियों ने इंश्योरेंस का पैसा प्राप्त करने तथा दुकान में मौजूद सोने-चांदी और नकदी का लेखा-जोखा छिपाने के लिए चोरी का नाटक रचा था। जांच में यह भी सामने आया कि दुकान के चैनल गेट को जानबूझकर खोलकर बाहर से जबरन प्रवेश का आभास दिया गया था, जबकि लॉकर खोलने के लिए विभिन्न चाबियों का इस्तेमाल किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान मालिक दीपक बिक के घर से 5 तोला 4.1 लाल सोने के आभूषण तथा 14.300 किलोग्राम चांदी (सिक्के, दाने एवं ढले हुए टुकड़े) बरामद किए हैं।
पुलिस ने बुटवल उपमहानगरपालिका-3, पुलचौक निवासी दीपक बिक और तिलोत्तमा नगरपालिका-2, बनवाटिका निवासी नवीन बिक को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच अभी जारी है।
Author: Vikas News
Post Views: 98



