‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : समाजवादी पार्टी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न छात्र समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रसभा के जिलाध्यक्ष विष्णु उमर के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालयों में छात्रों के उत्पीड़न, फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितताओं तथा सेमेस्टर प्रणाली समाप्त करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष विष्णु उमर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार दूसरी बार नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने करीब 22 लाख छात्रों और उनके परिवारों की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे छात्रों का भरोसा कायम रह सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में लागू सेमेस्टर प्रणाली के कारण आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्र-छात्राओं की शिक्षा प्रभावित हो रही है। इससे बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

वहीं, सपा छात्रसभा के प्रदेश सचिव विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगार युवाओं की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र, नौजवान, किसान, व्यापारी और महिलाएं विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
प्रमुख मांगें
• नीट सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
• पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।
• विश्वविद्यालयों में फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाए।
• छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
• सेमेस्टर प्रणाली की समीक्षा कर छात्रों के हित में निर्णय लिया जाए।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान रामसेवक लोधी, नागेश्वर मिश्रा, मो. हारुन खान, सूरज त्रिपाठी, अनिल जायसवाल, आदर्श चौधरी, अजय उपाध्याय, कुबेर यादव, राम स्वरूप पांडेय, रामजन्म चौधरी, उमेश यादव, राहुल चौरसिया, अरुण चौधरी, हरिराम शर्मा, माता प्रसाद शर्मा, महेंद्र चौधरी सहित समाजवादी छात्रसभा के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



