राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया वर्ष प्रतिपदा उत्सव, हिंदू समाज को एकजुट होने का दिया गया संदेश

SHARE:

सिद्धार्थनगर : भारतीय नव वर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर नौगढ़ नगर द्वारा रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया गया।

हिंदी नव वर्ष और विक्रमी संवत वर्ष प्रतिपदा उत्सव का शुभारंभ स्वयंसेवकों द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलन एवं ध्वज प्रणाम के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव राम बलिराम हेडगेवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

उत्सव के मुख्य वक्ता आरएसएस के विभाग प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि भारतीय नववर्ष का आरंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से होता है, इसे सृष्टि के प्रारंभ का द्योतक माना गया है। यह केवल तिथि परिवर्तन का संकेत नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति, नवसृजन का जीवंत प्रतीक है। नई पीढ़ी को भारतीय नववर्ष का महत्व नहीं पता है, इसलिए यह विदेशी नववर्ष को धूमधाम से मनाते हैं। हमारे व्रत-त्योहार, विवाह, गृह प्रवेश एवं अनेक शुभ कार्य हिंदू पंचांग के अनुसार ही होते हैं, इसलिए पंचांग के माह-तिथि की समझ आवश्यक है। बताया कि आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार का जन्म भारतीय नववर्ष के दिन हुआ था और बचपन से ही उनमें प्रखर राष्ट्रभक्ति की भावना निहित थी। अंग्रेजी शासन के अत्याचार एवं हिंदू समाज की दयनीय स्थिति को देखकर उन्होंने चिकित्सकीय शिक्षा पूर्ण करने के बाद राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया और वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। कहा कि संघ ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया है। वर्तमान में पूरे विश्व में संघर्ष और अस्थिरता का दौर है, ऐसे में विश्व की आशा भारत व सनातन संस्कृति, वसुधैव कुटुम्बकम् व सर्वे भवन्तु सुखिनः के मूल मंत्र पर टिक गई है। भारत की यह अवधारणा ही वैश्विक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने पंच परिवर्तन के सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी एवं नागरिक कर्तव्यबोध के माध्यम से भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने हिंदू समाज से जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव को छोड़कर एकजुट होने का आह्वान किया।

 

नगर कार्यवाह अभय ने अतिथि परिचय कराया व सह जिला कार्यवाह मनोज ने एकल गीत गाया।

इस दौरान नगर संघ चालक रणजीत, जिला प्रचारक विशाल, नगर प्रचारक अरुणेश, प्रचार प्रमुख रूपेश सिंह, डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, मुरलीधर, फतेबहादुर सिंह, सतीश रस्तोगी, नंदलाल रस्तोगी, विकास पांडेय, माहेश्वर पांडेय, सत्यव्रत, राजेश त्रिपाठी, वशिष्ठ, आर्चिष्मान, एसपी अग्रवाल, अमन, योगेश, सुरेश रैना आदि मौजूद रहे।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now